Saturday , January 31 2026

Operation Prahar – देवरिया में ऑपरेशन प्रहार के तहत 3 चोरी की बाइक व अवैध शराब बरामद

देवरिया (उत्तर प्रदेश)।
जनपद देवरिया में अपराधियों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत भाटपाररानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलों, 54 लीटर अवैध देशी शराब और दो फर्जी नंबर प्लेट के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई। थाना भाटपाररानी पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।

दिनांक 12 जनवरी 2026 को प्रातःकाल चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने विशुनपुर ढाला के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई 03 मोटरसाइकिलें, 54 लीटर अवैध देशी शराब (बंटी बबली ब्रांड) तथा 02 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गईं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध शराब की तस्करी करते थे, जिससे पुलिस की नजरों से बचा जा सके। बरामद की गई मोटरसाइकिलें विभिन्न स्थानों से चोरी की बताई जा रही हैं, जिनके संबंध में पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

थाना भाटपाररानी पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध, वाहन चोरी और अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …