Wednesday , April 29 2026

Road Safety Awareness – हमीरपुर राठ में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता गोष्ठी आयोजित

हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)।
जनपद हमीरपुर के राठ कस्बे में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल राठ एवं परिवहन विभाग हमीरपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय उत्सव पैलेस में संपन्न हुआ।

गोष्ठी के मुख्य अतिथि सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) हमीरपुर अमिताभ राय रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष के.जी. अग्रवाल ने की। कार्यक्रम का सफल संचालन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित इस गोष्ठी में परिवहन विभाग हमीरपुर के संभागीय निरीक्षक गिरीश चंद्र एवं यात्री कर अधिकारी चंदन पांडेय भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर के लगभग 100 व्यापारी और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अमिताभ राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शराब पीकर वाहन चलाने से पूरी तरह बचें और हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि केवल ड्राइविंग लाइसेंस होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सुरक्षित ड्राइविंग बिहेवियर का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। एआरटीओ ने वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों, गति सीमा, ओवरटेकिंग और सड़क संकेतों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष के.जी. अग्रवाल ने घने कोहरे और ठंड के मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती है और व्यापारी वर्ग को इस दिशा में समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

गोष्ठी के दौरान परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में संतोष देखने को मिला। इसके साथ ही तत्काल लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी आयोजित की गई, जिसमें करीब 25 से 30 लोगों का पंजीकरण किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। गोष्ठी को सफल बनाने में व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Check Also

Indian Intelligence Series- 2019 से आज तक Amazon Prime Video पर छाई क्राइम-थ्रिलर सीरीज: मिडिल क्लास जासूस ने आतंकियों की उड़ाई नींद

-साल 2019 में आई एक वेब सीरीज ने भारतीय OTT प्लेटफॉर्म पर ऐसा धमाका किया …