Budaun Suicide Case- बदायूं में बुजुर्ग ने संदिग्ध हालत में गोली मारकर की आत्महत्या

बदायूं।
जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र के कस्बा सैदपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बुजुर्ग व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विद्यासागर रस्तोगी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यासागर रस्तोगी अपने घर के एक कमरे में अकेले रह रहे थे। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो बुजुर्ग का शव कमरे के अंदर संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग ने अंदर से दरवाजा बंद कर खुद को गोली मार ली।

सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है, जिससे आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हो रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी (C.O) बिसौली सुनील कुमार भी पहुंचे और उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि बुजुर्ग किसी मानसिक तनाव, बीमारी या अन्य किसी परेशानी से जूझ रहे थे या नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

Married Life Tips : हंस-बतख जोड़ी की तस्वीर से बढ़ता प्रेम और वैवाहिक सुख माना जाता

Married Life Vastu Tips: वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में हंस तथा मैंडरिन बतख की जोड़ी …