
📍 हमीरपुर | मौदहा
हमीरपुर जनपद के मौदहा कस्बे से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां बीती देर रात शॉर्ट सर्किट ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा नवीन मार्केट दहल उठा। बड़ा चौराहा स्थित मार्केट में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
यह मामला मौदहा कस्बे के बड़ा चौराहा स्थित नवीन मार्केट का है। यहां उपरौस मोहल्ला निवासी मोहम्मद खालिक की किराना की दो दुकानें, जो सादिक ट्रेडर्स के नाम से संचालित थीं, देर रात अचानक आग की चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि रोज की तरह दुकान बंद कर घर जाने के बाद देर रात शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। इससे बाजार में हड़कंप मच गया और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और बड़ी संख्या में बाजार के लोग मौके पर पहुंच गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस भीषण आग की चपेट में बगल में स्थित असद अब्बास उर्फ गुड्डू अंडेवाले की दुकान भी आ गई, जिससे उन्हें भी भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। पीड़ित दुकानदार मोहम्मद खालिक के अनुसार इस आग में करीब 20 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया, जबकि असद अब्बास को लगभग 2 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
गनीमत यह रही कि आग के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर को समय रहते खाली करा लिया गया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। अगर आग वहां तक पहुंच जाती, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। इस घटना के बाद पीड़ित दुकानदार गहरे सदमे में हैं और सरकार व प्रशासन से मदद की आस लगाए बैठे हैं।




