Sunday , February 1 2026

Tirwa Fire Incident – तिर्वा ब्रेकिंग: जनरल स्टोर में भीषण आग, हजारों का सामान जलकर राख

📍 तिर्वा, कन्नौज (उत्तर प्रदेश)

तिर्वा में जनरल स्टोर में लगी आग, हजारों का सामान स्वाहा

कन्नौज जिले के तिर्वा नगर में ठठिया रोड के निकट स्थित एक जनरल स्टोर में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में कोहराम मच गया। आग का बवंडर इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिर्वा नगर के ठठिया रोड पर देव जनरल स्टोर के नाम से संगीता कुशवाहा की दुकान है। बीती रात अचानक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की तेज लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि उसकी लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं, जिससे स्थानीय लोग सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही जनरल स्टोर के मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था

इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पीड़ित दुकानदार ने हजारों रुपये के नुकसान की बात कही है।

फिलहाल पुलिस के अनुसार मामले की जांच-पड़ताल जारी है, और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना एक बार फिर विद्युत सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …