Monday , February 2 2026

Birsa Munda Cyclothon- औरैया ब्रेकिंग: वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली का भव्य स्वागत, एनसीसी कैडेट्स में दिखा राष्ट्रप्रेम का उत्साह

औरैया पहुँची वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली का 4 यूपी एनसीसी बटालियन, इटावा द्वारा किया गया भव्य स्वागत

रांची से चलकर औरैया पहुँची वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली के साइक्लिंग दल का जनपद में आगमन पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस साइक्लोथॉन रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश, प्रशासनिक अधिकारी ने साइक्लोथॉन दल का स्वागत करते हुए कहा कि महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी वीर बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रैलियाँ युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली की शुरुआत 26 दिसंबर 2025 को रांची (झारखंड) से हुई थी। यह रैली टीम लीडर कर्नल अनिल कुमार एवं लेफ्टिनेंट कर्नल पी.बी. शर्मा के नेतृत्व में निकली, जो वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों से होते हुए 9 जनवरी 2026 को औरैया पहुँची
औरैया में रात्रि विश्राम के बाद यह रैली आज सुबह लगभग 9 बजे इटावा के लिए रवाना हो गई।

यह साइक्लोथॉन रैली शिकोहाबाद और आगरा से होते हुए 16 जनवरी 2026 को नई दिल्ली पहुँचेगी, जहां इसका समापन प्रस्तावित है।

इस साइक्लोथॉन में कुल 2 अधिकारी, 2 पीआई स्टाफ, 8 गर्ल्स और 8 बॉयज एनसीसी कैडेट्स शामिल हैं। रैली का नेतृत्व कर्नल अनिल यादव, 4 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी, दुमका कर रहे हैं। उनके साथ लेफ्टिनेंट कर्नल पी.बी. शर्मा, सूबेदार लालेश कुमार और हवलदार इमना नाक्शुंग, 46 झारखंड बटालियन एनसीसी, गुमला भी शामिल हैं।

औरैया में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिला अधिकारी औरैया अविनाश चंद्र मौर्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह, सुदिति ग्लोबल एकेडमी औरैया की डायरेक्टर डॉ. नीलम आनंद एवं प्रधानाचार्य कंचन लता तिवारी ने साइक्लोथॉन टीम के प्रयासों की सराहना की और इसे युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला प्रेरणादायक अभियान बताया।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं तथा भगवान वीर बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …