
कन्नौज जनपद के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मलिकपुर–इंदरगढ़–बहोसी–उमर्दा मार्ग पर स्थित कटैया पुल की जगह अब आधुनिक लघु सेतु का निर्माण किया जाएगा। गंगनहर पर बनने वाले इस सेतु को शासन से स्वीकृति मिल गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगनहर पर प्रस्तावित इस लघु सेतु परियोजना की कुल लागत 408.76 लाख रुपये निर्धारित की गई है। शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए परियोजना के प्रथम चरण में 204.38 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। शेष धनराशि आगामी चरणों में उपलब्ध कराई जाएगी।
यह लघु सेतु 3×15 मीटर स्पान का होगा, जो आधुनिक तकनीक और मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। सेतु के साथ-साथ दोनों ओर पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान कटैया पुल जर्जर अवस्था में है, जिससे आए दिन आवागमन में दिक्कतें और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। लघु सेतु के निर्माण से मलिकपुर, इंदरगढ़, बहोसी और उमर्दा सहित आसपास के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और यातायात सुगम हो जाएगा।
इस परियोजना को लेकर तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन से मंजूरी मिलते ही संबंधित विभागों को कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सेतु निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा और तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा।
कैलाश राजपूत, विधायक तिर्वा (भाजपा)
“कटैया पुल के स्थान पर लघु सेतु बनने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। शासन से बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।”




