Monday , February 2 2026

Police Encounter – उन्नाव में पुलिस मुठभेड़, महिला-बच्चों पर हमला करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, उन्नाव में एक घायल, महिला-बच्चों पर हमले के आरोपी

ख़बर उन्नाव से है, जहां पुलिस ने मुठभेड़ के बाद महिला और बच्चों पर चाकू से हमला करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से ही दबोच लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

यह मुठभेड़ अजगैन थाना क्षेत्र के ऊसरा मोड़, अजगैन-मोहन मार्ग पर उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बदमाश घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसके दो अन्य साथी भागने की कोशिश में मौके से ही गिरफ्तार कर लिए गए।

गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान विकास गुप्ता, लक्ष्मीनारायण और संजय के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने 3 जनवरी को अजगैन थाना क्षेत्र के जमालपुर मढ़ी गांव में बकरी हटाने के विवाद को लेकर महिला और बच्चों पर चाकू से हमला करने की घटना को स्वीकार किया है।

इस हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। वारदात के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त चाकू और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में कई अन्य आपराधिक घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

अरविंद चौरसिया, क्षेत्राधिकारी हसनगंज
“चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ और दो को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में कई गंभीर आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।”

एसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में एसओजी, स्वाट टीम और अजगैन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

उन्नाव पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस किसी भी तरह की नरमी बरतने के मूड में नहीं है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …