Tuesday , April 28 2026

Shravasti youth suspicious death – पंजाब में श्रावस्ती के युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

श्रावस्ती जिले के एक युवक की पंजाब में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं परिजनों ने इसे हादसा मानने से साफ इनकार करते हुए साजिशन हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भिनगा कोतवाली क्षेत्र के दत्तनगर गांव निवासी 25 वर्षीय तेजराम पुत्र संतराम अपनी पत्नी के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि तेजराम की पंजाब के जमालपुर स्थित रामनगर धामिया इलाके में अचानक संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए और गांव में शोक का माहौल बन गया।

परिजनों का कहना है कि तेजराम पूरी तरह स्वस्थ था और किसी भी तरह के हादसे की कोई संभावना नहीं थी। ऐसे में उसकी अचानक मौत कई सवाल खड़े कर रही है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि तेजराम की साजिश के तहत हत्या की गई है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

मामले को लेकर मृतक के परिजन श्रावस्ती पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। परिजनों ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की।

इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि मामला अंतरराज्यीय है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पंजाब पुलिस से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल युवक की संदिग्ध मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और परिजन न्याय की आस लगाए प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Check Also

Indian Intelligence Series- 2019 से आज तक Amazon Prime Video पर छाई क्राइम-थ्रिलर सीरीज: मिडिल क्लास जासूस ने आतंकियों की उड़ाई नींद

-साल 2019 में आई एक वेब सीरीज ने भारतीय OTT प्लेटफॉर्म पर ऐसा धमाका किया …