महोबा l महज 1 करोड़ 72 लाख की लागत से तैयार की गई पेयजल योजना के बावजूद ग्राम अजनर के लगभग 40 प्रतिशत ग्रामीण आज भी पानी की भयंकर समस्या का सामना कर रहे हैं। गांव की कुल आबादी 11,000 है और यह समस्या खासकर यादव मुहाल, माँझे की खोर, जुशयाना, कराई पहाड़ी मुहाल और कछियाना मेला मुहाल में अधिक गंभीर है।
यह जल निगम की अजनर पेयजल योजना 2006-07 में स्वीकृत हुई थी लेकिन इसके कार्य में धीमी प्रगति के कारण 2012 में ही पानी की आपूर्ति प्रारम्भ हुई। कई समस्याओं की वजह से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी। इस योजना के अंतर्गत 1.5 करोड़ रुपये में चार पंपिंग हाउस लगाकर पूरे गांव में लाइन बिछाई गई थी। हालाँकि, ऊपरी हिस्से में पानी की आपूर्ति न होने के कारण 2023 में 22 लाख रुपये की लागत से एक और पंप स्थापित किया गया। ग्राम प्रधान नन्हेराम अनुरागी ने कहा कि गांव के आधा दर्जन मोहल्लों में पानी की समस्या है जिसके लिए हमने दो टैंकरों की व्यवस्था की है जिससे पानी मुहैया कराया जा रहा है। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब ईगल कंपनी को टेंडर मिला है l जिसके तहत अजनर ग्राम पेयजल योजनाओं में मौजूद खामियों को शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। ईगल कंपनी के डीपीएम ऋषभ ने कहा कि हमने पहले ही फिजिकल और लाइन का सर्वेक्षण कर लिया है। जल्द ही खामियाँ दुरुस्त की जाएंगी और पंपिंग हाउस में कंपनी के योग्य ऑपरेटर तैनात किए जाएंगे ताकि कोई भी समस्या तुरंत हल की जा सके।
Back to top button