Uncategorized

उत्तराखंड: दिवाली तक चमक सकती है भाजपाइयों की किस्मत

धामी सरकार आने वाले दिनों में 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को दायित्व की सौगात दे सकती है। इसके लिए संगठन और सरकार के बीच चर्चा भी हो चुकी है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए नवरात्र के बाद अब दिवाली दायित्वों की सौगात लेकर आ रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसके संकेत दिए हैं। इसके मुताबिक, दिवाली तक कई भाजपाइयों की किस्मत चमक सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द दायित्वों की एक और सूची पर मुहर लगाएंगे। रविवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान दायित्व बांटे जाने के संबंध में कहा, मुख्यमंत्री ने नवरात्र तक दायित्व देने की बात कही थी। दायित्वों की पहली सूची जारी हो चुकी है। उन्होंने कहा, पहले चरण में दायित्वों की चार सूची जारी होंगे। तीन और सूची जारी होनी हैं।

पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दायित्वों की पहली सूची जारी होने के बाद संगठन और सरकार पर पार्टी नेताओं का जबर्दस्त दबाव है। कई नेता और वरिष्ठ कार्यकर्ता केंद्रीय नेताओं से लेकर पूर्व मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष को भी लगातार सिफारिशें प्राप्त हो रही हैं।

30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को मिल सकते दायित्व

धामी सरकार आने वाले दिनों में 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को दायित्व की सौगात दे सकती है। माना जा रहा कि इसके लिए संगठन और सरकार के बीच चर्चा भी हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने भी संकेत दिए कि पहले चरण के लिए तैयार चारों सूचियों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ बातचीत हो चुकी है।

पूर्व विधायकों को भी मिलेगा दायित्व का तोहफा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संकेत दिए कि दायित्व की सौगात पार्टी वरिष्ठ नेताओं के साथ पूर्व विधायकों को भी दी जा सकती है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के हिसाब से दायित्वों का आवंटन होगा। पार्टी युवा, महिला, एसी, एसटी, ओबीसी वर्ग से जुड़े नेताओं को दायित्वों में प्राथमिकता देगी।

Related Articles

Back to top button