Sunday , February 1 2026

Chhibramau Traffic Jam-कन्नौज: छिबरामऊ में जाम की समस्या पर व्यापारियों का धरना, ई-रिक्शा और अतिक्रमण बने कारण

छिबरामऊ नगर में जाम की समस्या को लेकर व्यापारी-किसान सड़क पर
ई-रिक्शा, अतिक्रमण और नो-एंट्री उल्लंघन से बेहाल यातायात व्यवस्था

कन्नौज जनपद के छिबरामऊ नगर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर आज व्यापारी, किसान और स्थानीय संगठनों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। नगर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था, ई-रिक्शा संचालन, फुटपाथों पर कब्जा और नो-एंट्री में वाहनों की आवाजाही को लेकर करीब 20 लोगों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जाम की वजह से आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मामला कन्नौज जनपद के छिबरामऊ नगर का है, जहां रोज़ाना लगने वाले भीषण जाम से व्यापारी, किसान और आम नागरिक त्रस्त हैं। इसी को लेकर नगर के व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने 6 सूत्रीय मांगों के साथ सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा बिना किसी नियंत्रण के सड़कों पर चल रहे हैं, जिनका न तो पंजीकरण है और न ही निर्धारित रूट। इसके अलावा दुकानदारों द्वारा फुटपाथों पर अवैध कब्जा, नो-एंट्री में भारी वाहनों का प्रवेश और अव्यवस्थित पार्किंग ने हालात और बदतर कर दिए हैं।

सबसे गंभीर स्थिति स्कूलों की छुट्टी के समय देखने को मिलती है। व्यापारियों का कहना है कि यदि स्कूलों की छुट्टी दोपहर 2 बजे होती है तो स्कूली वाहन 1 से 2 घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं, जिसके कारण बच्चे शाम 4 बजे तक घर पहुंच पाते हैं। इससे बच्चों की सुरक्षा और अभिभावकों की चिंता दोनों बढ़ रही है।

धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों व संगठनों के बीच धरनास्थल पर बैठकर बातचीत की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि नगर में सीवर (Sewer) का कार्य चल रहा है, जिसके चलते फिलहाल कुछ समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर में चल रहे सभी ई-रिक्शा का पंजीकरण कराया जाएगा, और जो ई-रिक्शा बिना रजिस्ट्रेशन या बिना नंबर प्लेट के पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए पुलिस और नगर पालिका के साथ समन्वय कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

अधिशासी अभियंता के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

फिलहाल छिबरामऊ नगर की यातायात व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। अब देखना होगा कि नगर पालिका और प्रशासन के दावों पर जमीनी स्तर पर कितना अमल हो पाता है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …