Thursday , March 19 2026

UP Murder Case-हमीरपुर में पार्टी के दौरान युवक की हत्या, दोस्तों पर गंभीर आरोप

हमीरपुर से इस वक्त एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान हुई मामूली कहासुनी युवक की मौत की वजह बन गई। आरोप है कि पार्टी में शामिल दोस्तों ने ही युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामला सुमेरपुर कस्बे के बंकी रोड स्थित जल विभाग कार्यालय के पास का है। जानकारी के अनुसार युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के बाद युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी दोस्त घायल युवक को बाइक से सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक के पिता ने पड़ोस में रहने वाले एक पिता-पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस ने पार्टी में शामिल कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …