बहराइच जिले के मटेरा रेलवे मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे पुलिस ने फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अस्थाई रूप से सब्जी की दुकानें लगाने वाले दर्जनों दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया। दुकानदारों का आरोप है कि वर्षों से वे इसी स्थान पर दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन अचानक की गई इस कार्रवाई से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
मटेरा रेलवे मार्ग स्थित फुटपाथ पर ग्रामीण इलाकों से आए निचले तबके के लोग अस्थाई सब्जी की दुकान लगाते थे। शुक्रवार सुबह रेलवे पुलिस ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए फुटपाथ को खाली कराना शुरू किया। पुलिस की मौजूदगी के चलते कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कुछ लोग अपनी दुकानें छोड़कर मौके से भागते नजर आए।
सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वे यहां कई वर्षों से दुकान लगा रहे थे और हर साल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से दुकानें लगने लगती हैं। इस बार की कार्रवाई से उन्हें सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान हुआ है।
दुकानदारों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी छिन जाती है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वे कोई स्थायी अतिक्रमण नहीं कर रहे थे, बल्कि अस्थाई तौर पर फुटपाथ पर दुकान लगाकर दिनभर की कमाई से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक दुकान हटवाने से उनकी सब्जियां खराब हो गईं और पूरा दिन का रोजगार खत्म हो गया।
रेलवे पुलिस का कहना है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आम राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी और सुरक्षा के लिहाज से भी यह जरूरी था। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान मटेरा थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
फिलहाल, रेलवे पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मटेरा रेलवे मार्ग का फुटपाथ खाली करा दिया गया है, लेकिन सवाल यह है कि जिन गरीब और मेहनतकश लोगों की रोजी-रोटी इस कार्रवाई से प्रभावित हुई है, उनके पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाएगा।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal