औरैया जनपद में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अजीतमल, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर और इनामी किस्म के अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ पहले से 18 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, दिनांक 08 जनवरी 2026 की देर रात थाना अजीतमल क्षेत्रांतर्गत एनएच-19 के लिंक रोड, कस्बा बाबरपुर के ग्राम रसूलपुर के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर युवक ने भागने की कोशिश की।
भागते समय हड़बड़ाहट में उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल अवस्था में आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुबारक हुसैन उर्फ राजा, पुत्र शादिक हुसैन, निवासी ग्राम इस्लाम नगर बाबरपुर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से
-
एक अवैध तमंचा .315 बोर,
-
एक जिंदा कारतूस,
-
दो खोखा कारतूस,
-
तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुबारक हुसैन उर्फ राजा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ जनपद औरैया और इटावा में आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम समेत कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भेजा गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
औरैया पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal