उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़

नगर पंचायत मक्खनपुर में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

फिरोजाबाद जनपद के नगर पंचायत मक्खनपुर में आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति और एकता का अनोखा संगम देखने को मिला। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व नगर पंचायत चेयरमैन गीता देवी के मार्गदर्शन में डॉक्टर रामकैलाश यादव ने किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में तिरंगा लहराकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया।

यह भव्य यात्रा जेवड़ा तिराहा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों – सदर बाजार मक्खनपुर और विभिन्न गलियों से होती हुई सय्यद तिराहे तक पहुंची। यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। भारत माता की जय, वंदे मातरम और हर घर तिरंगा के नारों से नगर की फिज़ा में जोश और गर्व की लहर दौड़ गई।

चेयरमैन गीता देवी ने अपने संबोधन में कहा, “यह तिरंगा केवल एक झंडा नहीं बल्कि हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने की अपील की जाती है, ताकि यह संदेश जन-जन तक पहुंचे और हर नागरिक इसमें भागीदार बने।”

यात्रा में विशेष रूप से चेयरमैन प्रतिनिधि दिलीप लोधी, केडी दिवाकर, विजय कुमार उर्फ बीके मक्खन, सभासद प्रतिनिधि उमाकांत गुप्ता, श्याम विहारी गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष अनार सिंह कुशवाह, रामू ठेकेदार, प्रशांत राजपूत, विशाल राजपूत, ठेकेदार जयराम, सभासद प्रतिनिधि सुहेलकांत शर्मा, सभासद जितेंद्र यादव सहित नगर पंचायत मक्खनपुर के सभी सभासद और भाजपा के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभा के दौरान सुहेलकांत शर्मा ने कहा, “तिरंगा यात्रा हमारी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है और आज का दिन यह संदेश देने के लिए सबसे उपयुक्त है कि हम सब एक हैं और राष्ट्र की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे।”

इस कार्यक्रम ने नगर पंचायत मक्खनपुर को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हर ओर लहराते तिरंगे, जोशीले नारे और उत्साह से भरे नागरिकों की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि आज भी तिरंगे का सम्मान हर भारतीय के दिल में सर्वोच्च है। यह तिरंगा यात्रा न केवल एक आयोजन थी बल्कि एक संदेश भी—कि जब हम सब साथ हों, तो देश का हर कोना एक रंग, एक स्वर और एक भावना से गूंज उठता है।

Related Articles

Back to top button