Saturday , January 31 2026

Illegal Mining Protest-अवैध खनन पर किसानों का हल्लाबोल, तहसील परिसर बना रण क्षेत्र

थाना नजीबाबाद क्षेत्र की तहसील उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब अवैध खनन के खिलाफ किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन से जुड़े सैकड़ों किसानों ने खनन माफियाओं और तहसील प्रशासन के विरुद्ध जोरदार हल्ला बोल दिया। किसानों ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नजीबाबाद तहसील क्षेत्र में लंबे समय से धड़ल्ले से चल रहे अवैध खनन को लेकर किसानों का सब्र आखिरकार टूट गया। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सैकड़ों किसान तहसील परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान पूरा तहसील परिसर “खनन माफिया बंद करो”, “किसानों का हक दो”, “तहसीलदार हाय-हाय” और “तहसील प्रशासन मुर्दाबाद” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

किसानों का आरोप है कि अवैध खनन की वजह से खेतों की उर्वरक क्षमता नष्ट हो रही है, ग्रामीण सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं और खनन माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया, जिससे तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तहसीलदार संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। तहसीलदार ने किसानों को आश्वासन दिया कि अवैध खनन के मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार के आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल धरना समाप्त किया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Check Also

School Van Accident-लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा, ओवरलोड गन्ना ट्रक स्कूल वैन पर पलटा

जनपद लखीमपुर खीरी में परिवहन विभाग की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, …