राज्य

उत्तराखंड: गर्मी का कहर जारी…42 डिग्री पहुंचा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन के चलते प्री-मानसून की बारिश में कमी आई है। जिसके चलते तापमान में इस तरह का इजाफा देखा जा रहा है।

बीते कुछ दिनों से दर्ज की जा रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का कहर अभी भी कुछ दिन तक जारी रहेगा। प्रदेश के मैदानी इलाकों के साथ कुछ पर्वतीय जिलों के हिस्सों में भी गर्म हवाएं खूब परेशान करेंगी। इसके लिए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से चेतावनी जारी की गई है।

केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, अल्मोड़ा जिले के कुछ इलाकों में गर्म हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। जबकि अन्य जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ने से दिन के साथ रात को भी गर्म हवाएं परेशान करेंगी।

आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री बढ़ोतरी के साथ 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री इजाफे के साथ 26.9 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं आज दून का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने के आसार हैं। जून में इतना तापमान बीते 121 सालों में पहली बार दर्ज किया जा रहा है।

ये रहा तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

  • देहरादून – 42.4 – 26.9
  • पंतनगर – 40.8 – 28.4
  • मुक्तेश्वर – 29.9 – 17.8
  • नई टिहरी – 31.2 – 20.6

    Related Articles

    Back to top button