रायबरेली: रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के छजलापुर में शनिवार भोर करीब चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में वाहन चेकिंग कर रही जीएसटी टीम की बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीएसटी विभाग की तीन अधिकारी घायल हो गए।
घायलों में जीएसटी विभाग की कामर्शियल टैक्स अधिकारी आकांक्षा सिंह, दीवान प्रदीप कुमार और चालक संदीप कुमार शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब जीएसटी टीम लोहा लदे ट्रक का पीछा कर रही थी और उसे रोकने के प्रयास में ट्रक चालक ने बोलेरो में टक्कर मार दी।
इस घटना के बाद पीछे से आ रहा एक ट्रेलर भी ट्रक से टकरा गया, जिससे टक्कर की भीषणता और बढ़ गई। ट्रक इतना तेज था कि वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। इस हादसे के कारण मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मिल एरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal