Thursday , March 19 2026

Road Accident News-उन्नाव सड़क हादसा: सीएनजी ऑटो-बाइक टक्कर में पिता-पुत्र की मौत

उन्नाव। जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। संडीला मार्ग स्थित गोसवा पुल के पास एक सीएनजी ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मासूम बेटे ने देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान लखनऊ जनपद के रहीमाबाद थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय पवन कुमार प्रजापति पुत्र सियाराम के रूप में हुई है।

बताया गया कि पवन कुमार गुरुवार को अपनी ससुराल बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के खभौली गांव आए थे। दोपहर के समय वह अपने तीन वर्षीय इकलौते बेटे यश के साथ बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी गोसवा पुल के पास सामने से आ रहे एक सीएनजी ऑटो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पवन कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बेटा यश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल मासूम को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देर रात उसकी भी मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस हादसे को लेकर मृतक के पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पवन कुमार का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी को वापस लाने के लिए वह ससुराल गया था, लेकिन वहां पत्नी के मायके पक्ष ने उसे वापस नहीं भेजा और उसके साथ मारपीट की। पिता का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसके बेटे का पीछा किया जा रहा था, जिससे घबराकर वह जल्दबाजी में निकला और हादसे का शिकार हो गया। मृतक के पिता ने मायके पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ऑटो में सवार घायलों में संडीला के जलालपुर निवासी 40 वर्षीय उमाशंकर पुत्र प्यारेलाल, प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी 30 वर्षीय आसमा पत्नी मुस्तफा और बांगरमऊ कस्बे के मोहल्ला चूड़ी वाली गली निवासी 7 वर्षीय रईयान पुत्र शकील शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद संडीला मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …