उन्नाव (उत्तर प्रदेश): उन्नाव जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 48 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।

बुधवार देर शाम हुई पुलिस मुठभेड़ में हत्या के दोनों आरोपी बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरी कार्रवाई ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ के तहत की गई, जिसमें आसीवन थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही।
घटना 29 दिसंबर की है, जब आसीवन थाना क्षेत्र के कुरसठ कस्बे में स्थित एक शराब की दुकान पर काम करने वाले सुधीर प्रजापति की अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस हत्याकांड के शीघ्र अनावरण के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गईं। बुधवार शाम आसीवन पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बीजीमऊ–शरीफाबाद रोड स्थित पहाड़पुर तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखते ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान मोहम्मद एहसान (23 वर्ष) और मोहम्मद सलमान (22 वर्ष), निवासी कुरसठ कस्बा, थाना आसीवन के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने आपसी विवाद के चलते 29 दिसंबर को सुधीर प्रजापति की गोली मारकर हत्या की थी।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि
“आसीवन थाना क्षेत्र में हुई हत्या का 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण किया गया है। ऑपरेशन ऑल आउट के दौरान चेकिंग के समय दोनों आरोपी मुठभेड़ में घायल हुए और गिरफ्तार किए गए। उनके कब्जे से अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया ताकि अन्य कोई आरोपी फरार न हो सके। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान किसी आम नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
इस मुठभेड़ के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि हत्या की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन त्वरित पुलिस कार्रवाई ने अपराधियों में भय और जनता में भरोसा दोनों पैदा किया है।
उन्नाव पुलिस पिछले कुछ महीनों से अपराध नियंत्रण के लिए ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध असलहा बरामदगी और संगठित अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
इस मुठभेड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्नाव पुलिस अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal