Sunday , March 22 2026

राजस्थान में तीन मंत्रियों के इस्तीफों के बाद मंत्रिमंडल पुनर्गठन की तैयारी, सीएम अशोक गहलोत ने बुलाई कैबिनेट की बैठक, सचिन पायलट गुट को भी मिलेगी तरजीह

राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल का पुनर्गठन की तैयारी चल रही है। कल तीन मंत्रियों के इस्तीफे के बाद आज शाम होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में सभी मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा सकता है। उसके बाद  कल रविवार को दोबारा शपथ ग्रहण होगा, जिसमें सचिन पायलट खेमे के विधायकों को भी मंत्रिपद से नवाजा जा सकता है। हाईकमान के आदेश पर राजस्थान के प्रभारी अजय माकन दोनों गुटों के बीच समझौता कराने के लिए जयपुर पहुंच गए हैं।

राजस्थान की गहलोत सरकार के तीन मंत्रियों ने शुक्रवार शाम को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब तीनों मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। इस्तीफा देने वाले मंत्रियों में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा शामिल हैं।

बता दें कि कल ही तीनों मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र भेजकर इस्तीफे देने की पेशकश की थी। इन सभी मंत्रियों ने एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के चलते इस्तीफा दिया है। इसके बाद उदयपुर के दौरे को बीच में ही छोड़कर लौटे अशोक गहलोत और प्रभारी अजय माकन के बीच सीएम आवास में बैठक हुई।

सीएम ने शनिवार शाम को अपने घर पर कैबिनेट की बैठक बुलाई है। खबर है कि इसमें सभी मंत्रियों से इस्तीफा लिया जाएगा और रविवार शाम को मंत्रिमंडल का पुनर्गठन होगा।

राजस्थान में सचिन पायलट का खेमा गहलोत कैबिनेट में अहमियत न मिलने से नाराज बताया जाता है। अब माना जा रहा है कि गहलोत के नए कैबिनेट में सचिन पायलट के खेमे के अलावा निर्दलीय और बसपा से आए विधायक भी शामिल होंगे और उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। 

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …