Thursday , March 19 2026

निजी डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत, शव सड़क पर रखकर परिजनों का हंगामा, डॉक्टर फरार

स्लग — निजी चिकित्सक की लापरवाही से महिला मरीज की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर काटा हंगामा
लोकेशन — बुलंदशहर
संवाददाता — दीपक पंडित
दिनांक — 17.12.2025


बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी चिकित्सक की कथित लापरवाही से महिला मरीज की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया। मामला नगर पालिका के पास स्थित एक निजी चिकित्सालय से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद आरोपी डॉक्टर अपने स्टाफ के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।


मामला बुलंदशहर नगर पालिका के निकट स्थित निजी चिकित्सक डॉक्टर एन.के. गोयल के क्लिनिक का है। मृतका की पहचान अनारो देवी पत्नी मुन्नालाल, निवासी मोहन कुटी, बुलंदशहर के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, अनारो देवी पिछले लगभग एक सप्ताह से डॉक्टर एन.के. गोयल के यहां इलाज करा रही थीं। आज सुबह भी वह इलाज के लिए डॉक्टर के क्लिनिक पहुंची थीं। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।

महिला के मुंह से झाग निकलने लगे और वह तड़पने लगी। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर ने परिजनों को महिला को जिला चिकित्सालय ले जाने की सलाह दी। परिजन आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शव को लेकर वापस डॉक्टर के क्लिनिक पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के चलते महिला की जान गई है।

हंगामा बढ़ता देख आरोपी डॉक्टर अपने स्टाफ के साथ मौके से फरार हो गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


 सुंदर (मृतका का भतीजा)

“मेरी चाची का एक हफ्ते से इलाज चल रहा था। आज डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, उसके बाद हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग आने लगे। अगर समय रहते सही इलाज मिलता तो जान बच सकती थी। यह साफ लापरवाही है।”


 नरेश (पूर्व में डॉक्टर की लापरवाही से मृत महिला के परिजन)

“इस डॉक्टर की वजह से पहले भी एक महिला की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज फिर एक जान चली गई। ऐसे डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर निजी चिकित्सालयों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …