
पटना। बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब छह घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सुबह उठीं धुएं की लपटें, मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार सुबह करीब चार बजे कोचिंग कॉम्प्लेक्स से तेज धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। आग की गंभीरता को देखते हुए शहर के विभिन्न फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।
15 से अधिक दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
दमकल विभाग की कई टीमों ने लगातार छह घंटे तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को घेरकर लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई।
रेलवे अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। आग लगने के कारण रेलवे परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
फायर ब्रिगेड अधिकारी गया सिंह ने बताया कि सुबह करीब चार बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही 15 से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
वहीं, राजेंद्र नगर जीआरपी प्रभारी दीप नारायण यादव ने बताया कि रेलवे यार्ड के पास स्थित पावर ग्रिड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी। इस घटना में रेलवे की केबल और एक ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा है।
नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान की पूरी जानकारी सामने आएगी।




