Friday , March 20 2026

9 अगस्त को भारत लौटेंगे नीरज चोपड़ा, वतन वापसी पर होगा जोरदार स्वागत

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीत इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा 9 अगस्त को भारत वापस लौटेंगे. नीरज ने ओलंपिक में शनिवार को फाइनल मुकाबले में अपने दूसरे ही प्रयास में 87.58 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया.

वतन वापसी पर होगा नीरज का जोरदार स्वागत

पहली बार किसी भारतीय एथलीट ने ओलंपिक के ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में गोल्ड मेडल हासिल किया है. नीरज के भारत लौटने के बाद जबरदस्त स्वागत की तैयारी चल रही है.

नीरज चोपड़ा सोमवार की शाम तकरीबन सवा पांच बजे एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे. इसके बाद वह सीधे यहां से दिल्ली कैंट इलाके में स्थित राजरीफ स्पोर्ट्स सेंटर जाएंगे. यहां पर एक इवेंट में उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा.

नीरज ने दिवंगत मिल्खा सिंह को समर्पित किया गोल्ड मेडल

भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर ने अपना गोल्ड मेडल दिवंगत मिल्खा सिंह को समर्पित किया है. इतिहास रचने के बाद उन्होंने कहा कि, मुझे अपना बेस्ट देना था, लेकिन मैंने गोल्ड मेडल जीतने के बारे में नहीं सोचा था. मैं अपना मेडल मिल्खा सिंह को समर्पित करता हूं.

भारत ने ओलंपिक में 13 सालों के बाद जीता गोल्ड

मालूम हो कि, भारत ने ओलंपिक में 13 सालों के बाद गोल्ड मेडल जीता है. इससे पहले, साल 2008 बीजिंग ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था.

गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा पर इनामों की बारिश होने लगी. साथ ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ने उन्हें बधाई दी है.

राष्ट्रपति ने दी बधाई

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि, नीरज चोपड़ा की अभूतपूर्व जीत. आपके गोल्ड ने बाधाओं को तोड़ते हुए इतिहास रच दिया. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, आज आपने जो हासिल किया है, उसे हमेशा याद रखा जाएगा.

सीएम खट्टर ने 6 करोड़ और सरकारी नौकरी देने का किया ऐलान

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नीरज चोपड़ा को छह करोड़ रुपये, क्लास-वन की सरकारी नौकरी आदि देने का ऐलान किया. इसके अलावा, बीसीसीआई ने भी नीरज चोपड़ा के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है.

टोक्यो ओलंपिक में भारत के अब तक सात मेडल

भारत के टोक्यो ओलंपिक में अब तक सात मेडल हो चुके हैं, जोकि किसी भी ओलंपिक में सबसे अधिक है. लंदन में 2012 में हुए ओलंपिक में भारत को छह मेडल मिले थे.

एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने किया ये ऐलान

वहीं, एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने ऐलान किया है कि, अगले एक साल तक नीरज चोपड़ा उनकी विमान सेवा का मुफ्त में इस्तेमाल कर सकते हैं. नीरज चोपड़ा इस दौरान असीमित मुफ्त यात्रा कर सकते हैं. यह ऑफर 8 अगस्त, 2021 से 7 अगस्त 2022 तक के लिए लागू होगा.

इंडिगो के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोनोजॉय दत्ता ने कहा कि, नीरज हम सभी को आपकी उल्लेखनीय उपलब्धि के बारे में सुनकर बहुत खुशी हुई. आपने देश को गौरवान्वित किया है.

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …