Thursday , March 19 2026

Mahoba Firing Case – महोबा में रिश्तों का खून: भतीजे ने चाचा को मारी गोली, मौके पर मौत

लोकेशन : महोबा (गुगौरा गांव)
महोबा जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां परिवारिक भतीजे द्वारा अपने ही चाचा को गोली मार देने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से चाचा गुलाब सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना महोबा जनपद के गुगौरा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किसी पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान यह खौफनाक वारदात अंजाम दी गई। आरोप है कि पारिवारिक भतीजे ने आपा खोते हुए चाचा गुलाब सिंह पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलाब सिंह की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने मोनू सिंह, देवीदीन और वीरेंद्र सिंह पर गोली मारने का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस तरह जानलेवा रूप ले रहे हैं। वृद्ध की मौत से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव सदमे में है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही जा रही है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …