Sunday , February 1 2026

Google Golden Baba complaint-गूगल गोल्डन बाबा ने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी व रंगदारी मांगने का लगाया आरोप

 गूगल गोल्डन बाबा ने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ रावतपुर थाने में दी तहरीर

कानपुर के चर्चित गूगल गोल्डन बाबा उर्फ स्वामी मनोजानंद जी महाराज ने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने और रंगदारी मांगने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ रावतपुर थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बाबा ने आरोप लगाया है कि खुद को पत्रकार बताने वाले युवकों ने उनसे 50 हजार रुपये नगद या सोने की चेन देने की मांग की और मना करने पर सोशल मीडिया पर बदनाम किया जा रहा है।

पूरा मामला कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। गूगल गोल्डन बाबा उर्फ स्वामी मनोजानंद जी महाराज ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिनों सिद्धेश्वर मंदिर के आचार्य एवं महंत धर्मेंद्र त्रिपाठी द्वारा मंदिर से एक गौ यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने का समर्थन करना था। इस कार्यक्रम में उन्हें भी आमंत्रित किया गया था, जिसमें उन्होंने सहभागिता की थी।

गूगल गोल्डन बाबा के अनुसार इसी दौरान उनकी मुलाकात आनंद उपमन्यु नामक युवक से हुई, जो अपने आपको पत्रकार बता रहा था। उसके साथ प्रभात शुक्ला वंशम नाम का युवक भी मौजूद था, जो खुद को उसका कैमरामैन बता रहा था। बाबा का आरोप है कि दोनों युवकों ने उनसे कहा कि वे बागेश्वर महाराज के विचारों से सहमत नहीं रहते और फेसबुक पर उनके समर्थन में सही प्रतिक्रिया नहीं देते हैं, जो ठीक नहीं है।

बाबा का कहना है कि युवकों ने धमकी भरे लहजे में कहा कि अगर वे चाहते हैं कि उनके खिलाफ कोई नकारात्मक खबर न चलाई जाए, तो उन्हें 50 हजार रुपये नगद या उनके गले में पहनी सोने की चेन देनी होगी। उस समय बाबा ने इस बात को नजरअंदाज कर दिया, लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों युवकों ने फोन के माध्यम से दोबारा वही मांग दोहराई। इसके बाद बाबा ने दोनों के नंबर ब्लॉक कर दिए।

आरोप है कि नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद से दोनों युवक अपनी फेसबुक आईडी के जरिए गूगल गोल्डन बाबा के खिलाफ लगातार अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है और उनकी छवि धूमिल हो रही है। बाबा का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से उनकी काफी बदनामी हो रही है।

इन्हीं आरोपों को लेकर गूगल गोल्डन बाबा रावतपुर थाने पहुंचे और दोनों युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बाबा ने यह भी चेतावनी दी कि यदि स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी कार्यालय में भी शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाएंगे।

इस मौके पर गूगल गोल्डन बाबा के साथ अयोध्या धाम के राजस्व संत मुकुंद दास जी महाराज, महामंडलेश्वर चंद्रा गिरी जी, सिद्धेश्वर मंदिर के महंत धर्मेंद्र त्रिपाठी, विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष राजकुमार सिंह और मंडलेश्वर मंतर बाबा भी मौजूद रहे। सभी संतों और सामाजिक नेताओं ने बाबा के आरोपों को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल रावतपुर थाना पुलिस ने शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच की बात कही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …