कन्नौज जिले के मुक्ताकाशी मंच, रोमा स्मारक में आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रखर राष्ट्रवादी नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की जन्म जयंती के अवसर पर एक भव्य स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल हुए और सभी ने बाबूजी के राष्ट्र, समाज और प्रदेश के लिए किए गए अतुलनीय योगदान को श्रद्धा के साथ याद किया।
इस स्मृति कार्यक्रम में प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि के साथ की गई।
कार्यक्रम के दौरान उन वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने जीवन में बाबूजी कल्याण सिंह के साथ कार्य किया था। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके अनुभवों और योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संदीप सिंह ने स्वर्गीय कल्याण सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबूजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाले जननेता थे। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दी।
इस दौरान मंत्री संदीप सिंह ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि जो लोग आज पीडीए की राजनीति की बात करते हैं, वही सत्ता में रहते हुए पिछड़े और वंचित समाज का सबसे अधिक अपमान करते रहे हैं, जबकि बाबूजी कल्याण सिंह ने हमेशा सबको साथ लेकर राजनीति की।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आज बाबूजी की जन्म जयंती पर हम सभी उन्हें नमन कर रहे हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प ले रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश में लगातार बेहतर हो रही प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार द्वारा सभी जिलों में शिक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए नए-नए नवाचार किए जा रहे हैं।
कन्नौज में चल रहे “हम बनेंगे हुनर” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि इस योजना के तहत बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की व्यावहारिक शिक्षा दी जा रही है। इस कार्यक्रम का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है और इसके सफल परिणामों को देखते हुए इसे पूरे प्रदेश में लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
वहीं समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह ने अपने जीवन से समाज और राजनीति को दिशा देने का काम किया।
उन्होंने कहा कि हम सभी को बाबूजी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।
कुल मिलाकर कन्नौज में आयोजित यह स्मृति कार्यक्रम न केवल स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने का अवसर बना, बल्कि उनके विचारों, सिद्धांतों और जनकल्याणकारी सोच को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal