Tuesday , February 3 2026

Ambedkar Statue Controversy-कन्नौज में बाबा साहब की मूर्ति गायब, ग्रामीणों में आक्रोश

कन्नौज जनपद से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है, जहां संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्थापित मूर्ति देर रात रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। इस घटना के सामने आते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है और ग्रामीणों में गुस्सा साफ तौर पर देखा जा रहा है।

पूरा मामला कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के आटा गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार, महज दो दिन पहले ही गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया था। लेकिन देर रात अज्ञात लोगों द्वारा मूर्ति को वहां से हटा दिया गया, जिसकी जानकारी सुबह होते ही गांव में आग की तरह फैल गई।

मूर्ति के गायब होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना को लेकर विरोध जताने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई सामान्य चोरी की घटना नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित साजिश के तहत बाबा साहब की मूर्ति को हटाया गया है, ताकि एक विशेष वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा सके।

ग्रामीणों का आरोप है कि बाबा साहब को मानने वाले लोगों की भावनाएं इस घटना से गहराई से आहत हुई हैं। उनका कहना है कि गांव में पहले से ही पट्टे को लेकर विवाद चल रहा था और उसी विवाद के चलते मूर्ति को हटवाया गया है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मंत्री को शिकायत पत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान साधना तिवारी और लेखपाल सलमान ने कथित तौर पर लाखों रुपये लेकर पट्टे किए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इसी पट्टा विवाद के चलते बाबा साहब की मूर्ति को हटवाया गया, ताकि विवादित भूमि पर दबाव बनाया जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही बाबा साहब की मूर्ति को पुनः उसी स्थान पर स्थापित नहीं किया गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द मूर्ति को बरामद कराएगा और दोषियों पर कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। फिलहाल ठठिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Check Also

Sunlight Controls Diabetes : धूप से डायबिटीज पर लगाम: सूरज की रोशनी बनी सेहत की नैचुरल दवा

नई दिल्ली।डायबिटीज आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई बीमारियों में से एक है। …