जालौन से एक बड़ा और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां समाजवादी पार्टी के जालौन–गरौठा–भोगनीपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद पर खंगार समाज को अपमानित करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री से लेकर जिला प्रशासन तक लिखित शिकायत की गई है, जिससे जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है।
मामला जनपद जालौन के थाना रामपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निनावली जागीर का बताया जा रहा है। आरोप है कि 12 जनवरी 2026 को समाजवादी पार्टी के सांसद नारायण दास अहिरवार द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान में खंगार समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सांसद के इस बयान से खंगार समाज की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं और पूरे समाज को राष्ट्रीय स्तर पर अपमानित महसूस कराया गया है। आरोप है कि इस बयान के बाद समाज में भारी रोष और आक्रोश व्याप्त है।
खंगार समाज के लोगों ने पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री भारत सरकार और जिलाधिकारी जालौन को शिकायत भेजते हुए मांग की है कि संबंधित सांसद के खिलाफ लोकसभा स्तर पर आवश्यक और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की बयानबाजी पर रोक लगाई जा सके।
शिकायत पत्र में यह भी स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सांसद अपने बयान को वापस लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो खंगार समाज देशभर में धरना-प्रदर्शन और व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा।
फिलहाल जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शिकायत की जांच की जा रही है और उच्च अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया है। वहीं इस प्रकरण के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal