जालौन से इस वक्त एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां मेडिकल कॉलेज से जुड़े जन औषधि केंद्र पर औषधि विभाग की टीम ने छापेमारी कर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया है। झांसी से पहुंची सहायक आयुक्त औषधि के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में जन औषधि केंद्र पर नियमों के विपरीत अनाधिकृत दवाएं पाए जाने के बाद तत्काल सख्त कदम उठाए गए हैं। वायरल वीडियो और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जन औषधि केंद्र की सेल और पर्चेस प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।
मामला जालौन मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र का है, जहां लंबे समय से दवाओं की गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर दवाओं से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जन औषधि के नाम पर संदिग्ध और अनाधिकृत दवाओं की बिक्री का आरोप लगाया गया था। वीडियो के सामने आते ही औषधि विभाग हरकत में आ गया।
सूचना मिलते ही झांसी से सहायक आयुक्त औषधि की टीम जालौन पहुंची और जन औषधि केंद्र पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को जन औषधि योजना के तहत अनुमोदित सूची से बाहर की कई दवाएं मिलीं, जिनकी खरीद और बिक्री नियमों के खिलाफ पाई गई। इसके अलावा दवाओं से जुड़े दस्तावेजों में भी गंभीर खामियां सामने आई हैं।
औषधि विभाग की टीम ने मौके पर ही जन औषधि केंद्र की दवाओं की बिक्री और नई दवाओं की खरीद प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। साथ ही केंद्र से जुड़े सभी रिकॉर्ड, बिल और स्टॉक रजिस्टर जब्त कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जन औषधि केंद्र पर लगे आरोपों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल औषधि विभाग की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal