Thursday , March 19 2026

Electricity Department Dispute-जालौन बिजली ऑफिस विवाद: युवती ने लाइनमैन पर मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप लगाए

जालौन जनपद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिजली कनेक्शन काटने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कोंच कस्बे के चंदकुआं स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवती ने विभाग के लाइनमैन पर मारपीट और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए। आरोपों के बाद बिजली ऑफिस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मामला बढ़ते-बढ़ते कोतवाली तक जा पहुंचा।

पूरा मामला कोंच कोतवाली क्षेत्र के चंदकुआं स्थित बिजली कार्यालय का है। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग का एक लाइनमैन बिजली कनेक्शन काटने के लिए युवती के घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवती का आरोप है कि लाइनमैन ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और छेड़छाड़ जैसी हरकतें कीं।

घटना से आक्रोशित युवती अपने परिजनों के साथ सीधे बिजली ऑफिस पहुंच गई, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक बिजली कार्यालय में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन चलता रहा, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी लाइनमैन को मौके पर बुलाने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। हंगामे के चलते कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवती और उसके परिजन कोंच कोतवाली पहुंचे, जहां पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों की बात सुनी जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद बिजली विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …