Sunday , February 1 2026

Illegal Mining Action in Chandpur- अवैध खनन पर प्रशासन का करारा प्रहार, खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

चांदपुर, बिजनौर

बिजनौर जनपद के चांदपुर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने अचानक छापा मारकर अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मामला चांदपुर तहसील क्षेत्र के चेहला गांव के जंगलों से जुड़ा हुआ है, जहां बीते कई दिनों से अवैध खनन की गतिविधियां लगातार चल रही थीं। आरोप है कि खनन माफिया रात के अंधेरे और घने कोहरे का फायदा उठाकर भारी मशीनों के जरिए मिट्टी और खनिज का अवैध दोहन कर रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद माफिया बेखौफ होकर अपना अवैध कारोबार चला रहे थे।

इसी बीच तहसीलदार चांदपुर आलोक कटियार के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने पूरी रणनीति के तहत जंगल क्षेत्र में अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अवैध खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मशीन मौके से पकड़ी गईं। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए।

प्रशासन ने मौके पर ही सभी वाहनों और मशीनों को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति होती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद जहां खनन माफियाओं में डर का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती की खुलकर सराहना की है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयों की मांग की है।

 आलोक कटियार, तहसीलदार चांदपुर:
“क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते संयुक्त टीम बनाकर चेहला गांव के जंगल क्षेत्र में छापेमारी की गई। मौके से पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मशीन पकड़ी गई हैं। सभी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

कुल मिलाकर चांदपुर में हुई इस कार्रवाई ने खनन माफियाओं को साफ संदेश दे दिया है कि प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क है और अवैध गतिविधियों पर कड़ा एक्शन तय है।

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …