Monday , February 2 2026

Bulldozer Action-श्रावस्ती में अवैध मजार पर प्रशासन का बुलडोजर, कृषि भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

श्रावस्ती जनपद के सिरसिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलहरी में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पट्टे की कृषि भूमि पर बनी अवैध मजार और उससे जुड़े भवन पर प्रशासन का बुलडोजर चला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लंबे समय से विवाद का कारण बनी इस मजार को लेकर ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई थी, जिसके बाद राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पूरा मामला श्रावस्ती जनपद के सिरसिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलहरी का है, जहां पट्टे की कृषि भूमि पर अवैध रूप से मजार और उससे संबंधित भवन का निर्माण किया गया था। बताया जा रहा है कि इस मजार को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। पीड़ित पक्ष देवतादीन और रामप्रसाद ने इस संबंध में थाना सिरसिया में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत की जांच के बाद उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज और क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि मजार और भवन सरकारी पट्टे की कृषि भूमि पर अवैध रूप से निर्मित हैं। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया।

निर्धारित तिथि पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। कार्रवाई के दौरान मजार की चहारदीवारी और भवन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया और जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखी गई और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी और पट्टे की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे भूमि विवादों पर अंकुश लगेगा। फिलहाल प्रशासन ने जमीन को अपने कब्जे में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …