Saturday , January 31 2026

Hardoi Police Encounter-हरदोई में पुलिस मुठभेड़: ऑपरेशन लंगड़ा के तहत शातिर पशु तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

हरदोई पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा जारी, पुलिस मुठभेड़ में शातिर पशु तस्कर गिरफ्तार
पैर में लगी गोली, मौके से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, दो चाकू और एक बांका बरामद
एक जीवित गोवंश भी पुलिस ने कराया सुरक्षित

हरदोई जनपद में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन लंगड़ा लगातार असर दिखा रहा है। इसी क्रम में टड़ियावां थाना पुलिस और एक शातिर पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद करने के साथ-साथ एक जीवित गोवंश को भी सुरक्षित मुक्त कराया है। आइए जानते हैं पूरी खबर विस्तार से…

मामला हरदोई जनपद के थाना टड़ियावां क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर के जरिए पशु तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टड़ियावां पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग और कांबिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में अभियुक्त को मौके पर ही दबोच लिया गया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुड्डू पुत्र किट्टू, निवासी कस्बा गोपामऊ, थाना टड़ियावां के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो चाकू और एक बांका बरामद किया गया।

इतना ही नहीं, घटनास्थल से पुलिस ने एक जीवित गोवंश को भी सुरक्षित बरामद किया, जिसे तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त गुड्डू एक शातिर पशु तस्कर है और उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई, जिसमें क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान के नेतृत्व में टड़ियावां थाना पुलिस ने अहम भूमिका निभाई। मौके पर टड़ियावां इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जनपद पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …