हरदोई: बिलग्राम में नववर्ष के मद्देनज़र फ्लैग मार्च, सीओ व कोतवाल ने संभाली कमान
नववर्ष के आगमन को लेकर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हरदोई पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को बिलग्राम कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बिलग्राम ने किया।
नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए बिलग्राम कस्बे के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व अपर क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह एवं कोतवाली प्रभारी अरविन्द कुमार राय ने किया।
फ्लैग मार्च मुख्य चौराहे से प्रारंभ होकर बस स्टैंड चौराहा, सदर बाजार, पीपल चौराहा सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल पैदल गश्त करता नजर आया। पुलिस की मौजूदगी से आम लोगों और व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रात्री गश्त और चेकिंग अभियान को और अधिक तेज कर दिया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, वहीं सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों और व्यापारियों से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह फैलाने या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अशोक कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक हरदोई
“नववर्ष को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। फ्लैग मार्च, गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, कोतवाली प्रभारी अरविन्द कुमार राय सहित बिलग्राम कोतवाली का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण माहौल में ही मनाया जाए, किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal