देवीपाटन परिक्षेत्र में सामने आए एक बड़े और सनसनीखेज भ्रष्टाचार मामले ने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है। ICICI लोमबार्ड बीमा कंपनी की शिकायत पर IG देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक ने जब इस गंभीर प्रकरण का संज्ञान लिया, तो जांच के दौरान ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिनसे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
दरअसल मामला सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े बीमा दावों से जुड़ा हुआ है। जांच में यह सामने आया कि कुछ दुर्घटना मामलों में असली वाहन और वास्तविक अभियुक्तों को जानबूझकर बचाया गया, जबकि उनकी जगह फर्जी वाहन और निर्दोष लोगों को मामले में फंसा दिया गया। यह पूरा खेल अनुचित लाभ हासिल करने और बीमा क्लेम से जुड़ी हेराफेरी के उद्देश्य से किया गया।
IG अमित पाठक के निर्देश पर देवीपाटन परिक्षेत्र के कई जनपदों में विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया। SIT ने जब पुराने मामलों की दोबारा जांच शुरू की, तो एक के बाद एक साजिश की परतें खुलती चली गईं। जांच में साफ तौर पर सामने आया कि विवेचना के दौरान जानबूझकर गलत तथ्यों को रिपोर्ट में शामिल किया गया और साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की गई।
SIT जांच पूरी होने के बाद अब वास्तविक वाहन और असली अभियुक्तों के खिलाफ अदालत में नई रिपोर्ट दाखिल कर दी गई है। वहीं दोषी पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में भिनगा कोतवाली के कोतवाल योगेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा भिनगा में तैनात गुरु सेन सिंह और इकौना कोतवाली के शैलेश कुमार त्रिपाठी पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विवेचना प्रक्रिया में जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया, ताकि असली दोषियों को बचाया जा सके। जब आरोप पूरी तरह सही पाए गए, तो उच्च अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया।
सूत्रों के मुताबिक इस मामले में अभी कार्रवाई पूरी नहीं हुई है। तीन अन्य विवेचकों पर भी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में और निलंबन हो सकते हैं।
IG देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक ने इस पूरे मामले को लेकर पुलिसकर्मियों को सख्त संदेश दिया है कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और ईमानदार कार्यप्रणाली को लेकर एक कड़ा संदेश गया है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal