Saturday , January 31 2026

देवरिया में जमीनी विवाद ने पकड़ा तूल, पीड़ित ने भू-माफिया और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

लोकेशन : देवरिया, उत्तर प्रदेश
रिपोर्टर : मृत्युंजय प्रसाद

देवरिया: जमीनी विवाद में पीड़ित ने लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

जनपद देवरिया के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घटैला गाजी में जमीनी विवाद को लेकर हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस मामले में पीड़ित खजांची पुत्र — निवासी भीकमपुर रोड, देवरिया ने भू-माफियाओं, ग्राम प्रधान और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित खजांची का कहना है कि वह आराजी संख्या 286, रकबा 0.56 हेक्टेयर भूमि पर अपने पूर्वजों के समय से खेती करता चला आ रहा है। आरोप है कि वर्ष 2004 में राधेश्याम व अन्य व्यक्तियों द्वारा धोखे से उक्त भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया गया। इस मामले को लेकर पीड़ित ने सिविल न्यायालय में खजांची बनाम राधेश्याम के नाम से वाद दाखिल किया है, जो वर्तमान में सिविल जज (कक्ष संख्या–10), देवरिया के न्यायालय में विचाराधीन है।

पीड़ित का दावा है कि बैनामेदार द्वारा आज तक विवादित भूमि पर कोई भी कब्जा नहीं किया गया है, इसके बावजूद भू-माफिया रविशंकर सिंह द्वारा अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि इस अवैध कब्जे में ग्राम प्रधान डॉलर सिंह और पिंटू सिंह की भी संलिप्तता है, जो बिना किसी वैध दस्तावेज और न्यायालय के आदेश के भूमि पर जबरन बाउंड्री वॉल का निर्माण करवा रहे हैं।

खजांची ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह इस पूरे मामले की शिकायत लेकर सदर कोतवाली पहुंचता है, तो पुलिस उसकी सुनवाई करने के बजाय उसे ही थाने में बैठा लेती है। इसी दौरान मौके पर अवैध निर्माण कार्य बेरोकटोक जारी रहता है, जिससे पुलिस की भूमिका और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित ने बताया कि भूमि के बंटवारे से जुड़ा मामला भी उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 116 के तहत पारित आदेश के खिलाफ कमिश्नर न्यायालय में अपील के रूप में लंबित है। इसके बावजूद दबंगों द्वारा लगातार दबाव बनाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।

पीड़ित का आरोप है कि हाल ही में रविशंकर सिंह 20–25 लोगों के साथ विवादित भूमि पर ईंट और मिट्टी गिराकर जबरन कब्जा करने पहुंचा। जब खजांची ने इसका विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह और उसका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है।

पीड़ित खजांची ने जिलाधिकारी देवरिया, एसडीएम सदर और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है और किसी भी समय स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर जमीनी विवाद में पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है या दबंगों का दबदबा यूं ही बना रहेगा।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …