Friday , March 20 2026

Chandrashekhar Azad Jayanti Unnao -शहीद चंद्रशेखर आज़ाद जयंती पर बदरका पहुंचे साक्षी महाराज

उन्नाव | शहीद चंद्रशेखर आज़ाद जयंती विशेष

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद की ऐतिहासिक धरती बदरका, जो शहीदे-वतन पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की पावन जन्मभूमि है, वहां आज़ाद की 120वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर पर त्रिदिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कार्यक्रम में पहुंचकर शहीद आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

आज़ाद हूँ, आज़ाद रहूंगा’ के उद्घोष के साथ आयोजित इस समारोह में देशभर से कई प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन सांसद साक्षी महाराज ने कार्यक्रम में सहभागिता की और शहीद आज़ाद के चरणों में नमन करते हुए उन्हें भारत माता का सच्चा सपूत बताया।

सांसद साक्षी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का संपूर्ण जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आज़ाद की विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी स्वतंत्रता संग्राम के दौर में थी।
उन्होंने कहा— “जिनका नारा था ‘आज़ाद हूँ, आज़ाद रहूंगा’, ऐसे महान क्रांतिकारी पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मभूमि पर यह तीन दिवसीय आयोजन हो रहा है। देशभर से अनेक नेता यहां आ रहे हैं। मैं भी आज उनके चरणों में प्रणाम और श्रद्धा सुमन अर्पित करने आया हूँ।”

इसी कार्यक्रम के दौरान सांसद साक्षी महाराज ने उन्नाव रेप कांड के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन उनका व्यक्तिगत मानना है कि इस पूरे प्रकरण में कुलदीप सिंह सेंगर के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले के चलते उन्नाव जनपद पहले ही काफी बदनाम हो चुका है।

साक्षी महाराज ने कहा—
“मुझे लगता है कि न्यायालय ने बहुत देर से न्याय किया, लेकिन न्याय का सम्मान होना चाहिए। उन्नाव का नाम पहले ही बहुत बदनाम हो चुका है। मेरा मानना है कि अब तक कुलदीप के साथ अन्याय होता रहा है और न्यायालय को नीर-क्षीर विवेकिनी बुद्धि से निर्णय करना चाहिए।”

इसके अलावा सांसद साक्षी महाराज ने जेएनयू से जुड़े उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत न दिए जाने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर दंगे और हत्याओं जैसे गंभीर आरोप हैं, उन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि न्यायालय का निर्णय बिल्कुल सही है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा—
“जो लोग दंगों के लिए जिम्मेदार हैं, जिन्होंने हत्याएं की हैं, ऐसे लोगों को जमानत नहीं मिल सकती। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने जो निर्णय किया है, वह बिल्कुल ठीक है और हम उसका सम्मान करते हैं।”

कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु, युवा वर्ग और स्थानीय लोग मौजूद रहे। शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर बदरका की धरती एक बार फिर देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …