बहराइच जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और गो-तस्करों के बीच देर रात जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखकर गो-तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में एक गो-तस्कर के पैर में गोली लगी है, जबकि मौके से तीन गो-तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार, कारतूस, गोमांस और बांका भी बरामद किया है। पूरा मामला जरवल थाना क्षेत्र के मुड़ियाडीह जंगल का है।
दरअसल, जरवल थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि मुड़ियाडीह जंगल इलाके में कुछ लोग गोवंश का अवैध वध कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जंगल में मौजूद गो-तस्करों ने पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गो-तस्कर जाफर के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही जाफर मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहीं, उसके दो अन्य साथी हकीम और रिजवान को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, गोमांस और गोवंश वध में इस्तेमाल किया जाने वाला बांका बरामद किया है। घायल गो-तस्कर जाफर को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गिरफ्तार किए गए तीनों गो-तस्करों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
फिलहाल, बहराइच पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि गो-तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal