लोकेशन: अलीगढ़
ब्रेकिंग न्यूज़ | अलीगढ़
अलीगढ़ में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक संविदाकर्मी की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामला अलीगढ़ के देहली गेट थाना क्षेत्र के चरख वालान इलाके का बताया जा रहा है।
मृतक संविदाकर्मी की पहचान नासिर के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग में संविदा पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान नासिर अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद जब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हुई और परिजन शव को लेकर बिजली घर की ओर जाने लगे, तभी पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए रास्ते में ही उन्हें रोक लिया। इस दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि संविदाकर्मी की मौत के बाद भी कोई भी विद्युत विभाग का उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
परिजनों का कहना था कि नासिर की मौत विभागीय लापरवाही का नतीजा है और उन्हें अब तक किसी प्रकार की कोई सहायता या मुआवजे की जानकारी नहीं दी गई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने भी परिजनों का समर्थन करते हुए मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मौके पर मौजूद क्षेत्रीय पुलिस और स्थानीय पार्षद ने परिजनों को कानूनी और प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देते हुए आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।
पुलिस और प्रशासन के भरोसे के बाद परिजनों का गुस्सा कुछ हद तक शांत हुआ, जिसके बाद उन्होंने मृतक नासिर के शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि घटना को लेकर क्षेत्र में अभी भी शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और विद्युत विभाग से संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।0
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal