Thursday , March 19 2026

Hamirpur Clash News -हमीरपुर में सुलह की बैठक बनी रणभूमि, लाठी-डंडों से भिड़े दो पक्ष, 6 घायल

हमीरपुर में सुलह की बैठक बनी रणभूमि, लाठी-डंडों से भिड़े दो पक्ष

खूनी झड़प में दोनों पक्षों के छह लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

हमीरपुर से सनसनीखेज़ खबर सामने आ रही है, जहां जिस जगह आपसी सुलह और समझौते की बात होनी थी, वहीं अचानक हालात बेकाबू हो गए। पुराने विवाद को सुलझाने के लिए आमने-सामने बैठे दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस खूनी झड़प में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामला थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ईदगाह–गौरा देवी मोहल्ले का है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को खत्म करने और आपसी सहमति बनाने के उद्देश्य से दोनों पक्ष बातचीत के लिए एकत्र हुए थे। लेकिन बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर माहौल अचानक गरमा गया और बात हाथापाई से आगे बढ़ते हुए लाठी-डंडों तक पहुंच गई।

इस हिंसक झड़प में एक पक्ष से प्रिंस यादव, दिव्यांश यादव और उनके पिता जितेंद्र यादव, जबकि दूसरे पक्ष से बाबूलाल भुर्जी, विजय भुर्जी और संदीप भुर्जी घायल हो गए। मारपीट के दौरान चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए झगड़ा शांत कराया।

पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय हमीरपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर काबू पा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सुलह और समझौते की कोशिशें क्यों बार-बार हिंसा में बदल जाती हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

बाइट – बाबूलाल भुर्जी:
(पीड़ित पक्ष की प्रतिक्रिया)

बाइट – दिव्यांश यादव:
(दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया)

फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …