फर्जी गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
लोकेशन – औरैया, उत्तर प्रदेश
औरैया जनपद में दूसरे को फंसाने की साजिश रचने वाले खुद ही अपने बनाए जाल में फंस गए। फर्जी गोलीकांड रचकर झूठा मुकदमा दर्ज कराने और समझौते का दबाव बनाने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अछल्दा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूरा मामला औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बीते 4 दिसंबर को मारपीट के एक पुराने विवाद में समझौता न होने पर आरोपियों ने सामने वाले पक्ष को फंसाने के लिए एक सुनियोजित योजना बनाई। योजना के तहत खुद को गोली मारने का झूठा घटनाक्रम दिखाकर पुलिस में फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया गया, ताकि दबाव बनाकर समझौता कराया जा सके।
पुलिस जांच में सामने आया कि कथित गोलीकांड पूरी तरह से फर्जी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अछल्दा थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया। संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और घटनास्थल की बारीकी से जांच की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस ने इस फर्जी गोलीकांड में शामिल नौनिहाल उर्फ नीटू और शिवम उर्फ मनु चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उन्होंने खुद योजना बनाकर झूठा मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोपियों ने बताया कि 4 दिसंबर को हुई मारपीट के मामले में वे समझौता करना चाहते थे, लेकिन जब सामने वाले पक्ष ने समझौते से इनकार कर दिया, तो उन्होंने फर्जी गोलीकांड रचकर पुलिस और न्यायालय में दबाव बनाने का प्लान बनाया।
अभिषेक भारती, पुलिस अधीक्षक औरैया
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि फर्जी गोलीकांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले का पर्दाफाश करने वाली अछल्दा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए 15 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा भी की है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में यह संदेश गया है कि झूठे मुकदमे और फर्जी घटनाएं रचने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई तय है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal