Sunday , February 1 2026

भोगनीपुर में ओवरलोड मिट्टी भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से युवक की मौत, शव रखकर सड़क जाम

 ओवरलोडिंग मिट्टी भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

कानपुर देहात से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां ओवरलोडिंग मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग पर अड़ गए।

यह पूरा मामला भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के नोनापुर रोड का है। जहां तेज रफ्तार और ओवरलोड मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 28 वर्षीय युवक सचिन को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक सचिन, निवासी सुजौर, पुखरायां की ओर किसी जरूरी सामान को लेने जा रहा था। जैसे ही वह नानपुर गांव के आगे पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ओवरलोड मिट्टी भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया।

हादसा इतना भीषण था कि सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर खून से लथपथ शव देखकर राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। अपने बेटे और परिवार के एकमात्र सहारे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।

परिजनों की मांग है कि

  • ओवरलोडिंग ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक और मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए

  • मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाए

  • पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी सहायता प्रदान की जाए

मृतक सचिन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गया है। परिवार पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और अब इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि महज एक दिन पहले ही सचिन के पिता संतोष सचान का निधन हुआ था। पिता की मौत की खबर मिलने पर सचिन फतेहपुर से घर लौटा था और अगले ही दिन यह हादसा हो गया। एक के बाद एक दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भोगनीपुर पुलिस, एसडीएम भोगनीपुर और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन परिजन उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और तत्काल मुआवजे की घोषणा की मांग पर अड़े हुए हैं।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।


फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। स्थिति तनावपूर्ण जरूर बनी हुई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन हालात को नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को कब तक न्याय और राहत दिला पाता है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …