Sunday , February 1 2026

कन्नौज में बारावफात का जुलूस धूमधाम से निकला, बैंड-बाजों की धुन और ड्रोन कैमरे की निगरानी में उमड़ा जनसैलाब

कन्नौज। इत्र नगरी कन्नौज में शनिवार को बारावफात का जुलूस बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की खुशियां मनाईं। मुख्य मार्गों से होता हुआ यह जुलूस लाखन तिराहे पर पहुंचा, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच इसे मैन बाजार की ओर रवाना किया गया।

जुलूस में शामिल लोगों का मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जगह-जगह फूल बरसाकर और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर बैंड-बाजों की गूंज और डीजे की धुन पर मुस्लिम युवक हाथों में झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए पैगंबर के आगमन की खुशियां मनाते नजर आए।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बारावफात का यह जुलूस पूरी तरह से पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में निकाला गया। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। खुद पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार अपने फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे और जुलूस की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। भीड़ पर नियंत्रण और अराजकतत्वों की गतिविधियों पर रोकथाम के लिए इस बार पुलिस ने ड्रोन कैमरे से हवाई निगरानी भी की।

गांव-गांव से उमड़ी भीड़

बारावफात के जुलूस में शामिल होने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग दूर-दराज के गांवों से टोलियों के रूप में कन्नौज पहुंचे। जुलूस में शामिल युवाओं ने हाथों में झंडे लेकर उत्साहपूर्वक नारेबाजी की और पैगंबर की शिक्षाओं को याद किया। भीड़ इतनी अधिक थी कि शहर के मुख्य मार्गों पर आमजन का निकलना मुश्किल हो गया।

महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन

जानकारी के अनुसार, बारावफात का जुलूस इस्लाम धर्म के आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर निकाला जाता है। यह मुस्लिम समुदाय के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है, जिसमें लोग पैगंबर की शिक्षाओं को याद कर उनके संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लेते हैं।

कन्नौज में निकला यह जुलूस भाईचारे, आस्था और अनुशासन का अद्भुत संगम रहा, जिसने एक बार फिर शहर की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक पेश की।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …