
बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ई-रिक्शा चालक का शव सड़क किनारे खंती में पड़ा मिला था। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के बाद घटना का खुलासा कर दिया। 
बदायूं में दोस्त ने 35 हजार रुपये के लिए ई-रिक्शा चालक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने हत्या का जुर्म कबूल किया है। उसके पास से फरसा भी बरामद हुआ है। युवक की हत्या के बाद आरोपी ने खंती में फरसा फेंक दिया और रुपये अपने पास रख लिए थे।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आमगांव के चिरौंजी सिंह का बेटा मनोज पटेल (37) ई-रिक्शा चलाता था। पिछले दिनों उसने 71 हजार रुपये में अपना ई-रिक्शा बेच दिया था। खरीदने वाले ने उसे सोमवार को 35 हजार रुपये दिए थे। बाकी 36 हजार रुपये कुछ दिनों में देकर ई-रिक्श ले जाने को कहा था। रुपये लेने के बाद मनोज घर पर था। उसके पिता ने बताया कि शाम को उसका दोस्त सुनील उसे बुलाकर ले गया।




