Wednesday , April 29 2026

आने वाले तीन दिनों तक नहीं बदलेगा झारखण्ड में मौसम का मिजाज़…

राजधानी समेत पूरे राज्य में बादल छंटने के बाद कनकनी और बढ़ गई है। पूरे प्रदेश में सर्द हवा कहर बरपा रही है। हवा की रफ्तार से अधिकतम तापमान के बाद न्यूनतम भी अपने औसत से नीचे चला आया है। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री तक नीचे गिर गया है। शुक्रवार को राज्य में जमशेदपुर को छोड़कर 23 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान इस जाड़े के सीजन में सबसे कम 6.8 डिग्री रहा। यह औसत से तीन डिग्री नीचे है, जबकि अधिकतम 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार यानी आज सुबह से ही सर्द मौसम का असर लोगों पर पड़ रहा है। आज तापमान में और गिरावट दर्ज किये जाने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले तीन दिनों के दौरान कनकनी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सर्द हवाएं चलेंगी और कनकनी बढ़ाएगी। शुक्रवार को राजधानी में हवा की रफ्तार दिन में 12 से 14 किमी प्रति घंटे रही। हवा की रफ्तार तेज होने के कारण दिन में खिली धूप भी सर्दी से राहत नहीं दे सकी। इससे यहां तापमान में दिनभर उतार चढ़ाव होने के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा। राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। राज्य के विभिन्न भागों पर भी सुबह के दौरान धुंध छायी रही। लेकिन तेज हवा और धूप खिलने से कुहासा छंट गया। राज्य में न्यूनतम तापमान 3.0 से 5.0 डिग्री तक सामान्य से नीचे चल रहा है। राज्य के अन्य शहरों में भी ठंड से लोगों का बुरा हाल है। पिछले 24 घंटों के दौरान संताल में भी कड़ाके की सर्दी रही। पिछले 24 घंटों के दौरान देवघर में अधिकतम 16.0 और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। मेदनीनगर का तापमान 8.5 डिग्री रहा। राज्य में केवल जमशेदपुर को छोड़कर विभिन्न जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान जमशेदपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से दो डिग्री कम है। यहां अधिकतम तापमान सबसे अधिक 25.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग रांची के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान सर्द हवा चलेगी और कनकनी बनी रहेगी। राजधानी समेत पूरे राज्य में सुबह के दौरान धुंध रहेगी, लेकिन उसके बाद मौसम साफ रहेगा।

Check Also

Sanjay Dutt upcoming movie- कौन था अफजल खान? ‘राजा शिवाजी’ में संजय दत्त निभाएंगे खौफनाक सेनापति का किरदार

इन दिनों फिल्म राजा शिवाजी को लेकर जबरदस्त चर्चा है। फिल्म रिलीज से पहले ही …