
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया U19 टीम में बड़ा बदलाव किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैचों की सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में अब एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। उम्र से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद बंगाल का प्रतिनिधित्व कर चुके रोहित यादव को भारतीय अंडर-19 टीम से बाहर कर दिया गया है।
रोहित यादव को पहले ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, उनकी उम्र को लेकर सामने आई जानकारी के बाद BCCI की जूनियर क्रिकेट कमेटी ने उन्हें टीम से हटाने का फैसला किया। उनकी जगह वनडे टीम में सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के आर्यन सवासानी को शामिल किया गया है। वहीं, मल्टी-डे टीम में हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के तन्मय बलोदा को जगह दी गई है।
उम्र को लेकर सामने आई बड़ी गड़बड़ी
BCCI ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि रोहित यादव को राजकोट और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ होने वाले मुकाबलों के लिए चुना गया था। लेकिन बाद में उनकी उम्र से संबंधित रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आई। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) की ओर से की गई जांच में उनकी उम्र को लेकर करीब 27 महीने का अंतर पाया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रोहित यादव के जन्म वर्ष में तीन बार बदलाव किया गया था। उम्र से जुड़ी इस विसंगति के बाद उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम से बाहर कर दिया गया। खास बात यह है कि रोहित इससे पहले श्रीलंका दौरे पर भी इंडिया U19 टीम का हिस्सा रह चुके थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया सीरीज से उनका बाहर होना भारतीय जूनियर क्रिकेट के लिए भी चर्चा का विषय बन गया है।
दो नए खिलाड़ियों को मिली जगह
रोहित यादव के हटने के बाद BCCI ने टीम में दो नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। वनडे टीम में आर्यन सवासानी की एंट्री हुई है, जबकि पांच दिवसीय प्रारूप वाले मल्टी-डे मुकाबलों के लिए तन्मय बलोदा को चुना गया है। चयनकर्ताओं ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी संबंधित टीमों में शामिल कर स्क्वॉड को अपडेट किया है।
ऑस्ट्रेलिया U19 टीम के भारत दौरे पर तीन वनडे मुकाबले और दो मल्टी-डे मैच खेले जाने हैं। इस दौरे का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना और भविष्य के लिए मजबूत प्रतिभाओं की पहचान करना भी है।
सहवाग और द्रविड़ के बेटों पर भी नजर
इस सीरीज में भारतीय अंडर-19 टीम के दो खिलाड़ियों पर विशेष नजर रहने वाली है। पूर्व भारतीय विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को वनडे टीम में शामिल किया गया है।
अन्वय द्रविड़ को विकेटकीपर की भूमिका के लिए टीम में जगह मिली है। वहीं, आर्यवीर सहवाग भी युवा स्तर पर लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। वह इस साल दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लॉयंस की ओर से खेलते हुए नजर आए थे।
वनडे सीरीज के लिए अपडेटेड टीम
ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में लक्ष्य रायचंदानी को कप्तान और यशबर्धन चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, V.K. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी. यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल और आर्यन सवासानी शामिल हैं।
मल्टी-डे टीम में भी बदलाव
मल्टी-डे मुकाबलों के लिए यशबर्धन चौहान को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे। इस टीम में सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय विश्वास, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव और तन्मय बलोदा शामिल हैं।

अब सभी की नजरें ऑस्ट्रेलिया U19 टीम के भारत दौरे पर रहेंगी, जहां भारतीय युवा खिलाड़ी घरेलू परिस्थितियों में मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने उतरेंगे।




