
LPG Cylinder Booking News: घरेलू एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की दोबारा बुकिंग को लेकर लागू 45 दिनों की अवधि को घटाकर अब 25 दिन कर दिया है। यानी ग्रामीण इलाकों में रहने वाले घरेलू गैस उपभोक्ताओं को अगला सिलेंडर बुक करने के लिए अब 45 दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर बुकिंग का अंतराल 25 दिन करने के निर्देश दिए हैं। इस बदलाव के बाद दोनों क्षेत्रों के ग्राहकों के लिए दोबारा सिलेंडर बुक कराने की अवधि समान हो जाएगी।
मार्च में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बढ़ाई गई थी अवधि
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद एलपीजी की सप्लाई व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया था। इसी दौरान सरकार ने गैस की उपलब्धता और आपूर्ति को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की दोबारा बुकिंग के बीच का अंतराल बढ़ाकर 45 दिन कर दिया था। वहीं शहरी क्षेत्रों में यह अवधि 25 दिन ही रखी गई थी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य सीमित आपूर्ति के दौरान एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता को व्यवस्थित रखना और पेंडिंग बुकिंग को नियंत्रित करना था। हालांकि, अब सप्लाई की स्थिति में सुधार होने के बाद सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत देने का फैसला किया है।
LPG सप्लाई में सुधार के बाद फैसला
सुरेश गोपी ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण एलपीजी आपूर्ति पर बना दबाव अब पहले की तुलना में कम हुआ है। साथ ही सिलेंडर की लंबित बुकिंग के मामलों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिन की सीमा में बदलाव किया है।
अब घरेलू एलपीजी उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल के बाद दोबारा सिलेंडर बुक करा सकेंगे। इससे खास तौर पर उन ग्रामीण परिवारों को राहत मिलेगी, जिनके घर में एलपीजी की खपत अधिक है और सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है।
पेट्रोलियम कंपनियों को दिए गए निर्देश
मंत्रालय की ओर से पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों को भेजे गए पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बुकिंग अंतराल को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की व्यवस्था तत्काल लागू करने को कहा गया है। शहरी क्षेत्रों में पहले से ही 25 दिन का अंतराल लागू था, इसलिए वहां के उपभोक्ताओं के लिए इस फैसले से कोई नया बदलाव नहीं होगा।

सरकार के इस निर्णय से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को अब समान बुकिंग अंतराल की सुविधा मिलेगी।




