Cricket Wonderboy : ‘हेटर्स कहेंगे 15 के नहीं हो…’, वैभव की बल्लेबाज़ी पर फिदा हुए गेल, रसेल और सचिन

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने सिर्फ़ राजस्थान रॉयल्स को जीत नहीं दिलाई बल्कि पूरी क्रिकेट दुनिया को उनका मुरीद बना दिया। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ़ महज़ 29 गेंदों पर 97 रन ठोककर 15 वर्षीय वैभव ने क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। उनकी इस तूफानी पारी ने सोशल मीडिया से लेकर दिग्गज क्रिकेटरों तक हर किसी को हैरान कर दिया।

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की इस धमाकेदार पारी की सबसे बड़ी वजह वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने हैदराबाद के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई और राजस्थान ने 47 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स क्वालीफ़ायर-2 में पहुंच गई, जहां अब उसका सामना शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस से होगा।

वैभव सूर्यवंशी अपनी पारी के दौरान आईपीएल इतिहास का सबसे तेज़ शतक लगाने से सिर्फ़ तीन रन दूर रह गए। उन्होंने 29 गेंदों में 97 रन बनाए, जबकि आईपीएल में सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड अब भी वेस्टइंडीज़ के विस्फोटक बल्लेबाज़ Chris Gayle के नाम है, जिन्होंने 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। मैच के बाद वैभव ने कहा कि उन्हें आउट होने के बाद पता चला कि वह रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए।

‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ बने वैभव ने कहा, “मेरा फोकस सिर्फ़ छक्के लगाने पर था। मैं शतक बाद में भी बना सकता हूं, लेकिन टीम के लिए योगदान देना सबसे ज़्यादा जरूरी है।”

अपनी 97 रन की पारी में वैभव ने 12 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने 97 में से 92 रन सिर्फ़ चौके-छक्कों से बनाए। उनकी बल्लेबाज़ी इतनी आक्रामक थी कि हैदराबाद के अनुभवी गेंदबाज़ भी पूरी तरह बेबस दिखाई दिए।

भले ही वैभव गेल का सबसे तेज़ शतक वाला रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए, लेकिन उन्होंने आईपीएल के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने के मामले में गेल को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद खुद क्रिस गेल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वैभव की तारीफ़ करते हुए लिखा, “बदकिस्मत! लेकिन तुम जल्द ही वहां पहुंच जाओगे।” गेल ने उन्हें “नई सिक्स मशीन” तक कह दिया।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर Yuvraj Singh ने मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा, “बॉस बेबी ने वर्ल्ड बॉस का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस बच्चे को खेलते देखना शानदार अनुभव है।”

वैभव की इस ऐतिहासिक पारी के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले Sachin Tendulkar ने भी उनकी बल्लेबाज़ी की जमकर सराहना की। सचिन ने एक्स पर लिखा, “वैभव का बैट स्विंग बेहद शानदार है। सबसे खास बात यह है कि वह कितनी खूबसूरती से अपने पैरों के लिए जगह बनाते हैं और गेंद को ताकत के साथ खेलते हैं। यह पारी किसी करिश्मे से कम नहीं थी।”

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान Pat Cummins ने भी माना कि वैभव के सामने गेंदबाज़ों के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचते। उन्होंने कहा, “अगर यॉर्कर थोड़ी भी मिस हुई तो वैभव उसे बिल्कुल नहीं छोड़ते। पिच अच्छी थी, लेकिन गलती की गुंजाइश बेहद कम थी।”

राजस्थान रॉयल्स के तेज़ गेंदबाज़ Jofra Archer ने कहा कि वैभव भविष्य में टी20 क्रिकेट में 150 या उससे भी बड़ा स्कोर बना सकते हैं। आर्चर ने कहा, “जब वह रन बनाते हैं तो टीम बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच जाती है। वह बेहद खास खिलाड़ी हैं।”

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान Riyan Parag ने खुलासा किया कि टीम मैनेजमेंट वैभव पर ज़्यादा दबाव नहीं डालता। उन्होंने कहा, “हम उससे ज़्यादा बात नहीं करते। उसे खुलकर खेलने दीजिए। उसे बल्लेबाज़ी पसंद है और हम नेट्स में उसे भरपूर अभ्यास कराते हैं, फिर मैदान पर वह खुद कमाल करता है।”

कोलकाता नाइटराइडर्स के स्टार ऑलराउंडर Andre Russell ने वैभव की उम्र पर सवाल उठाने वालों को करारा जवाब दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “हेटर्स कहेंगे कि तुम 15 साल के नहीं हो, लेकिन उनकी परवाह मत करो। 30 साल के खिलाड़ी भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं और तुम इस उम्र में यह कर रहे हो। मैं तुम्हारा बड़ा प्रशंसक हूं।”

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान Kevin Pietersen ने दावा किया कि वैभव टी20 क्रिकेट में 200 रन भी बना सकते हैं। उन्होंने लिखा, “वैभव ने मुझसे कहा था कि वह टी20 में 200 रन बनाना चाहता है और मुझे उस पर पूरा भरोसा है।”

पूर्व भारतीय क्रिकेटर Mohammad Kaif ने वैभव को “भविष्य का सितारा” बताया। उन्होंने लिखा, “हम एक चमत्कार देख रहे हैं। 15 साल की उम्र में ऐसा प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा गया।”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Akhilesh Yadav (@lastminuteofindia)

पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर Aakash Chopra ने वैभव को आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा सुपरस्टार करार दिया। वहीं इंग्लैंड के पूर्व कप्तान Michael Vaughan ने यहां तक कह दिया कि भारत को अब उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका देना चाहिए।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर Irfan Pathan ने भी वैभव की तारीफ़ करते हुए कहा कि 15 साल की उम्र में आईपीएल के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाना अविश्वसनीय उपलब्धि है।

सोशल मीडिया पर भी वैभव को लेकर जबरदस्त क्रेज़ देखने को मिला। एक यूज़र ने मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा, “वैभव सूर्यवंशी ने गणित की क्लास में सिर्फ़ चार और छह का पहाड़ा सीखा है।” वहीं एक अन्य यूज़र ने लिखा, “उन्होंने वो सवाल भी हल कर दिए जो बड़े खिलाड़ी नहीं कर पाए।”

वैभव सूर्यवंशी की इस विस्फोटक पारी ने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का नया सुपरस्टार मिल चुका है। जिस आत्मविश्वास, आक्रामकता और निडर अंदाज़ में उन्होंने दुनिया के बेहतरीन गेंदबाज़ों का सामना किया, उसने क्रिकेट जगत को यह यकीन दिला दिया है कि आने वाले सालों में वैभव विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में शामिल हो सकते हैं।

Check Also

Kanpur Cyber Fraud: RBI की फर्जी वेबसाइट बनाकर रिटायर्ड JE से 95 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

4 Kanpur से साइबर ठगी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने …